बिलासपुर

अंतर्राज्यीय ठग गिरोह पर बिलासपुर पुलिस का प्रहार, दिल्ली-उज्जैन से चार ठग गिरफ्तार, 5 लाख की ठगी का सामान बरामद….

(आशीष मौर्य संपादक/मयंक सिंह क्षत्रिय) : बिलासपुर में 70 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरोह को पुलिस ने धर दबोचा है। इस ठग गिरोह ने खुद को आभूषण शुद्ध करने वाला बताकर बुज़ुर्ग महिला से लाखों के जेवर ठग लिए थे। पुलिस ने दिल्ली और उज्जैन से चार ठगों को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख रुपये की ठगी का सामान बरामद किया है।

Advertisement

घटना 18 अप्रैल को सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां 70 वर्षीय महिला हेमतला भोसले से सोने की दो चूड़ी, दो चेन और 10 हजार रुपये नकद ठग लिए गए थे। आरोपियों ने जेवर शुद्ध करने का झांसा देकर उन्हें नकली सामान थमा दिया था।

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में सायबर सेल और सिविल लाइन पुलिस की टीम गठित की गई। करीब 200 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

टीम ने दिल्ली में ठगों की पहचान की, लेकिन वे उज्जैन भाग चुके थे। लगातार पीछा करते हुए टीम ने चार आरोपियों – मनोज सोलंकी, शांति देवी, विजय सोलंकी और सीमा सोलंकी को गिरफ्तार किया। इनसे 2 सोने की चूड़ियां, 2 चेन और नकद राशि बरामद की गई।

पूछताछ में इन आरोपियों ने रायपुर के गोलबाजार इलाके में भी इसी तरह की ठगी की बात कबूली है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और वारदातों की भी जांच कर रही है।

बिलासपुर पुलिस की इस तेज़ कार्रवाई ने न केवल एक बड़ी ठगी का पर्दाफाश किया है बल्कि भविष्य में इस तरह के ठग गिरोह पर लगाम कसने की दिशा में भी बड़ा कदम साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button