मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई..
तीन आबकारी सर्किल प्रभारी निलंबित, 6 वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सख्त निर्देशों के पालन में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबार पर नियंत्रण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बलौदाबाजार, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों में की गई औचक जांच के बाद तीन आबकारी वृत्त प्रभारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि छह वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है।
बलौदाबाजार में कार्रवाई:
ग्राम बनसांकरा में की गई छापेमारी में मध्यप्रदेश से लाई गई 104 पेटी विदेशी शराब जब्त की गई। इस मामले में वृत्त प्रभारी श्रीमती मोतिन बंजारे को निलंबित किया गया है। साथ ही जिला आबकारी अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह और मंडल प्रभारी श्री जलेस सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
महासमुंद में छापा:
3 मई को बागबाहरा में हुई कार्रवाई में 14 पेटी देशी शराब, 8 पेटी गोवा, 14 पेटी उड़ीसा की बीयर और 13 नग विदेशी मदिरा जब्त की गई। वृत्त प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा निलंबित किए गए हैं, जबकि जिला आबकारी अधिकारी श्री निधिश कोष्ठी और मंडल प्रभारी श्री उत्तम बुद्ध भारद्वाज को नोटिस जारी किया गया है।
राजनांदगांव में बड़ी जब्ती:
डोंगरगढ़ के ग्राम करवारी लतमर्रा मार्ग स्थित एक फार्म हाउस से 432 पेटी विदेशी शराब, हजारों खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल और 4,000 होलोग्राम जब्त किए गए। वृत्त प्रभारी अनिल कुमार सिंह को निलंबित किया गया है। साथ ही तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त श्री यदुनंदन राठौर और मंडल प्रभारी श्री संदीप सहारे को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। आबकारी सचिव श्री मुकेश बंसल और आबकारी आयुक्त श्री श्याम धावडे ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, अन्यथा कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




