वरिष्ठ पत्रकार मुकेश एस. सिंह डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सेवा सम्मान से हुए सम्मानित…..

नई दिल्ली के संविधान क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित यूडीएफकॉन 2025 के भव्य समारोह में वरिष्ठ पत्रकार मुकेश एस. सिंह को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कोविड काल में डॉक्टरों की भूमिका को प्रहरी के रूप में सराहा और कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में स्वास्थ्य क्षेत्र की भूमिका अहम होगी।
सम्मेलन में देशभर से चिकित्सा शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और कानूनी चुनौतियों पर गहन चर्चा हुई। वक्ताओं ने रैगिंग, छात्रों में आत्महत्या की प्रवृत्ति और चिकित्सा संस्थानों की मानसिक स्वास्थ्य नीतियों पर चिंता जताई।
यूडीएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लक्ष्य मित्तल ने मुकेश सिंह को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी पत्रकारिता सच्चाई और साहस का प्रतीक है, जो लोकतांत्रिक विमर्श को सशक्त बनाती है।
सम्मेलन में देश की चिकित्सा, विधि और मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम में तंबाकू मुक्त भारत और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुधार जैसे अभियानों को भी बल मिला। यूडीएफकॉन 2025 ने न सिर्फ स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की आवाज़ को मंच दिया, बल्कि जनहित पत्रकारिता को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया।




