कुम्हारी टोल प्लाजा में अवैध वसूली के खिलाफ कांग्रेस का ज़ोरदार प्रदर्शन..

(रायपुर ब्यूरो) : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में आज कुम्हारी टोल प्लाजा पर अवैध वसूली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।
विकास उपाध्याय ने टोल प्रबंधन के खिलाफ अनोखे अंदाज़ में विरोध जताया। उन्होंने टोल प्लाज़ा के अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘बेशर्मी का फूल’ भेंट किया, वहीं आम जनता को गुलाब का फूल देकर समर्थन और संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विकास उपाध्याय ने कहा कि कुम्हारी टोल प्लाज़ा में लंबे समय से अवैध वसूली की जा रही है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि यह आंदोलन चरणबद्ध रूप में चलाया जा रहा है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पूर्व विधायक ने यह भी बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलने के लिए समय मांगा है, ताकि जनता की पीड़ा सीधे केंद्र तक पहुंचाई जा सके।




