प्रधानमंत्री की सभा में जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की बोलेरो नदी में गिरी, महिला सहित 2 की मौत, 7 घायल

(उज्ज्वल तिवारी) : पेंड्रा – पेंड्रा जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जहां तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सोननदी में गिर गई। यह बोलेरो एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ ताराबहरा से भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने जा रही थी।
हादसा इतना भयावह था कि रास्ते में पुल से फूल विसर्जित कर रही एक महिला भी वाहन की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा कोटमी-पेंड्रा मेन रोड पर सोननदी पुल पर हुआ, जहां वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो सीधे नदी में गिर गई।
हादसे में पंडरीखार गांव की रहने वाली रमिता बाई, जो नदी में फूल विसर्जित कर रही थी, वाहन की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बोलेरो में सवार एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता की भी मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।



