विश्व जल दिवस पर ‘अरपा उत्थान’ अभियान, 2500 से अधिक लोगों ने किया श्रमदान.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – विश्व जल दिवस के अवसर पर बिलासपुर नगर पालिक निगम ने ‘अरपा उत्थान’ महाअभियान का आयोजन किया, जिसमें 2500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस महाअभियान के तहत अरपा नदी को स्वच्छ बनाने के लिए श्रमदान किया गया।
बिलासपुर की जीवनदायिनी अरपा नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष पहल की है। इस अभियान में सरकारी अधिकारी, रेलवे और एसईसीएल के कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम लगातार स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में 22 मार्च को यह महाअभियान सुबह 6 बजे से नवनिर्मित रामसेतु मार्ग और रपटा क्षेत्र में शुरू किया गया।
इस श्रमदान में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और ठेका कंपनियों के कर्मचारियों ने पूरे दिन योगदान दिया। लोगों को जल संरक्षण और वाटर हार्वेस्टिंग के प्रति भी जागरूक किया गया। बिलासपुर नगर निगम की यह पहल सराहनीय है, लेकिन इसे सफल बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। अरपा नदी केवल जल स्रोत ही नहीं, बल्कि हमारी धरोहर भी है। आइए, हम सब मिलकर इसे स्वच्छ और संरक्षित रखने का संकल्प लें।



