पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 510 लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त, आरोपी गिरफ्तार….

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – कोटा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 510 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। साथ ही आरोपी के घर से 500 से 600 किलो महुआ लहान मौके पर नष्ट किया गया है।
यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस ने यह छापेमारी कोटा थाना प्रभारी आईपीएस सुमित कुमार धोत्रे के नेतृत्व में ग्राम दर्रीकापा में की। जहां आरोपी रोशन खांडे के घर पर अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही थी।
पुलिस ने मौके से 510 लीटर कच्ची महुआ शराब, 06 नग एल्युमिनियम डेचकी, 01 नग गैस चूल्हा और 01 गैस सिलेंडर बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,02,000/- बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 34(1) क, 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
इस ऑपरेशन में उप निरीक्षक राज सिंह, सहायक उप निरीक्षक ओंकार प्रसाद बंजारे, आरक्षक भोप सिंह साहू, रामलाल सोनवणी, महिला आरक्षक पूर्णिमा सिदार, प्रियांश तिग्गा सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस तरह की गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




