अधजली लाश मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस.

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर – रतनपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 सांधीपारा में एक युवक की अधजली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय सूरज खैरवार के रूप में हुई है। पुलिस को संदेह है कि पहले हत्या की गई और फिर शव को जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई। फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्तों की मदद से पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मृतक सूरज खैरवार सुबह काम की तलाश में घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। कुछ घंटे बाद उसका शव सांधीपारा बाईपास तिराहे के पास पहाड़ी के नीचे अधजली हालत में मिला। शव के घुटनों के ऊपर का हिस्सा और सिर के बाल जले हुए थे, वहीं सिर पर गहरी चोट के निशान थे, जिससे खून रिसकर जमीन पर बहने के संकेत मिले। पुलिस का मानना है कि पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए। खोजी कुत्ता शव की गंध लेते हुए पहाड़ी के दूसरे छोर की ओर दौड़ पड़ा, जिससे पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल, पुलिस इस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है और मृतक के परिवार और परिचितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस हत्या के पीछे कोई आपसी रंजिश या वित्तीय विवाद तो नहीं। जल्द ही इस सनसनीखेज मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।



