जशपुर

ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने फिर पकड़ी डेढ़ करोड़ की शराब….

 

Advertisement

जशपुर – अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई जारी है। ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने एक और ट्रक से अवैध शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह ट्रक मध्य प्रदेश के अनूपपुर से पकड़ा गया, जिसमें 7012 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने आरोपी बलविंदर उर्फ गोलू (25) निवासी पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

दो दिन पहले ही जशपुर पुलिस ने लोरो घाट के पास एक ट्रक से 7015 लीटर शराब बरामद की थी। अब तक इस मामले में दो ट्रकों से कुल 14027 लीटर शराब (1574 पेटी) बरामद की जा चुकी है, जिसकी बाजार में कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

पूछताछ में पता चला कि शराब तस्कर एक सुनियोजित पैटर्न के तहत तस्करी कर रहे थे। तस्करी का तरीका यह था कि ट्रक पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर चालक को सौंपे जाते थे और फिर हजारीबाग (झारखंड) पहुंचने पर अन्य तस्करों की टीम उन्हें ले जाती थी। ट्रक चालक को शराब के स्रोत और डिलीवरी स्थान की जानकारी नहीं होती थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना दुलदुला की टीम और साइबर सेल ने अनूपपुर (मध्य प्रदेश) से संदेही ट्रक (UP 14DT 7849) को जब्त किया। ट्रक की तलाशी में 18180 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। इस बड़ी सफलता के लिए पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।

जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ जारी है और अंतरराज्यीय शराब तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button