छत्तीसगढ़बिलासपुर

स्कूल टॉयलेट में सोडियम ब्लास्ट, अभिभावकों ने किया जोरदार विरोध

 

Advertisement

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सेंट विंसेंट पलोटी स्कूल में शुक्रवार को हुए एक गंभीर हादसे ने स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल के टॉयलेट में हुए संदिग्ध सोडियम ब्लास्ट में चौथी कक्षा की एक मासूम बच्ची बुरी तरह झुलस गई। इस घटना के बाद से स्कूल प्रशासन सवालों के घेरे में है, और परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Advertisement

आज सुबह से ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल के बाहर एकत्र होकर प्रशासन से जवाब मांगने लगे। उनका कहना है कि वे सुबह 7 बजे से स्कूल गेट पर खड़े हैं, लेकिन अब तक स्कूल प्रबंधन ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वे मामले को बच्चों की शरारत बताकर दबाने की कोशिश कर रहे हैं।

एक अभिभावक ने नाराजगी जताते हुए कहा, “हम चाहते हैं कि स्कूल के इंचार्ज, फादर या प्रिंसिपल खुद सामने आकर बताएँ कि आखिर घटना की सच्चाई क्या है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई हो रही है?”

सोडियम की खरीद पर सवाल, जांच की माँग

सूत्रों के अनुसार, इस ब्लास्ट में इस्तेमाल हुआ सोडियम स्कूल लैब से नहीं निकला था, बल्कि ऑनलाइन पटना से मंगाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि यह किसी शिक्षक के लिए मंगवाया गया था। परिजनों का मानना है कि घटना के पीछे किसी बड़े स्तर की लापरवाही हो सकती है, जिसकी गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है।

 

गुस्साए अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं हुआ है। पहले भी स्कूल में ऐसी घटनाएँ हो चुकी हैं, लेकिन हर बार प्रबंधन ने मामले को हल्के में लेकर टाल दिया। उन्होंने 24 घंटे के अंदर दोषियों पर FIR दर्ज करने और संबंधित बच्चों को स्कूल से निकालने की माँग की है।

इस पूरे मामले पर अब तक स्कूल प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। प्रबंधन ने केवल यह कहा है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

घटना के बाद से ही शहर में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन से जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट करने और लापरवाह लोगों पर कड़ी कार्रवाई की माँग की जा रही है।

Related Articles

Back to top button