सरपंच चुनाव में हार के बाद प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ किया पुलिस पर हमला, 9 गिरफ्तार….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सरपंच चुनाव में हार के बाद बवाल मच गया। मामला मोपका चौकी अंतर्गत ग्राम लगरा का है, जहां हारी हुई प्रत्याशी पद्मावती कांगो ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर पोलिंग पार्टी को रोक लिया और पुनर्मतगणना की मांग करने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पोलिंग पार्टी को सुरक्षित बाहर निकाला।
लेकिन इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। हारी हुई प्रत्याशी पद्मावती कांगो ने अपने समर्थकों को उग्र कर दिया, जिसके बाद भीड़ ने पुलिस पर प्राणघातक हमला कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मी और निजी व्यक्ति घायल हो गए, साथ ही एक हायर पेट्रोलिंग वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




