मुठभेड़ में 7 नक्सली ढेर, शीर्ष नेता देवजी के मारे जाने की खबर….

छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश बॉर्डर में सुरक्षाबलों ने एक और बड़े ऑपरेशन में 7 नक्सलियों को ढेर कर दिया है, जिनमें तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों में नक्सल संगठन के पोलित ब्यूरो मेंबर और महासचिव देवजी के भी होने की सूचना है।
सुरक्षाबलों को मौके से सभी शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। 4 नक्सलियों की पहचान हो चुकी है और तीन की पहचान की प्रक्रिया जारी है। यह मुठभेड़ उसी इलाके में हुई है, जहां 18 नवंबर की सुबह नक्सली लीडर हिड़मा को मार गिराया गया था।
सुरक्षा एजेंसियों को देवजी की मौजूदगी के इनपुट मिले थे, जिसके बाद बड़ी संख्या में जवानों को इलाके में भेजा गया। इसके बाद घने जंगलों में एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हुई। यही वह क्षेत्र है जहां एक दिन पहले हिड़मा, उसकी पत्नी और 6 नक्सली मारे गए थे।
फिलहाल सुरक्षाबल आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के मारेडुमिल्ली के जंगलों में मौजूद हैं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, सुरक्षाबलों का कहना है कि ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक क्षेत्र पूरी तरह नक्सल मुक्त नहीं हो जाता।




