बिलासपुर में 1920 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित, यातायात नियम तोड़ने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई…..

बिलासपुर – यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब कोई रियायत नहीं बरती जा रही। अब तक 1920 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
ऐसे वाहन चालक जो बार-बार ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, उनके खिलाफ न केवल चालानी कार्रवाई की जा रही है बल्कि उनके लाइसेंस को निलंबित करने के लिए जिला परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भी भेजे जा रहे हैं।
प्रमुख धाराओं में रेड लाइट जंपिंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, नशे की हालत में ड्राइविंग, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाना जैसे उल्लंघन शामिल हैं। इन मामलों में त्वरित चालानी कार्रवाई के साथ-साथ लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
यातायात पुलिस का उद्देश्य है कि जिले में एक सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम रहे। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस शिक्षा, इंजीनियरिंग और एनफोर्समेंट—इन तीन स्तंभों पर काम कर रही है।
पुलिस की अपील है कि सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी सख्त कार्रवाई से बचा जा सके और सभी के लिए सड़कें सुरक्षित बन सकें।




