नक्सलियों की बड़ी साजिश विफल, जंगल में मिले कुकर बम किए गए डिफ्यूज

गरियाबंद – सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया है। जंगल में प्लांट किए गए आईईडी बमों को बरामद कर निष्क्रिय कर दिया गया है।
दिनांक 18 मई 2025 को गरियाबंद जिले के थाना मैनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौरमुंड के जंगलों में नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना पर जिला बल एवं 65वीं वाहिनी सीआरपीएफ की एफ कंपनी की संयुक्त टीम अभियान पर रवाना हुई।
टीम का नेतृत्व असिस्टेंट कमांडेंट सुधीर कुमार कर रहे थे। सर्चिंग के दौरान जंगल में कुकर बम के रूप में प्लांट किए गए दो आईईडी बरामद किए गए, जिनका वजन लगभग 5-5 किलो था।
बी.डी.एस. टीम द्वारा दोनों विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया। यदि यह बम फटते तो न केवल सुरक्षा बलों को बल्कि ग्रामीणों और पशुओं को भी भारी नुकसान हो सकता था।
सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को जंगल से सोलर प्लेट, तार, बर्तन और अन्य नक्सल सामग्री भी बरामद हुई है।




