महान साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल का निधन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक

हिंदी साहित्य जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। प्रख्यात साहित्यकार और छत्तीसगढ़ के गौरव विनोद कुमार शुक्ल का निधन हो गया है। उनके निधन को साहित्य जगत के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।
विनोद कुमार शुक्ल ने नौकर की कमीज और दीवार में एक खिड़की रहती थी जैसी चर्चित कृतियों के माध्यम से साधारण जीवन को असाधारण गरिमा प्रदान की। उनकी संवेदनशील और मानवीय रचनाओं ने पाठकों के मन को गहराई से छुआ और कई पीढ़ियों को प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि विनोद कुमार शुक्ल जी की रचनाएँ सदैव जीवंत रहेंगी और साहित्य प्रेमियों को मार्गदर्शन देती रहेंगी। उन्होंने दिवंगत साहित्यकार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों और पाठकों-प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की है।मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।




