कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बारिश की संभावना कम रहेगी, लेकिन कोहरे का लेवल बढ़ सकता है। देश के कुछ राज्यों में घना कोहरा बना हुआ है जबकि कई इलाकों में आंधी-तूफान की संभावना भी जताई गई है। उधर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम कार्यालय ने कहा कि दिल्ली में अगले कुछ दिनों में आसमान साफ रहने की संभावना है और सुबह के समय उत्तर-पश्चिम से सतही हवा चलने का अनुमान है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास होगा। वहीं, रात के दौरान धुंध और कोहरा छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, बुलंदशहर, आगरा और बरेली समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है, तो वहीं, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में घने कोहरे की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज बारिश हो सकती है जबकि गुरुवार यानी 6 फरवरी से हल्की बूंदा बांदी के बाद मौसम साफ रहने की उम्मीद है। लेकिन 8 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।




