पुलिस ने अंतरराज्यीय मवेशी तस्करों को पकड़ा, 10 मवेशी और 4 पिकअप जब्त

खैरागढ़ पुलिस ने सोमवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ अंतरराज्यीय मवेशी तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्कर चार पिकअप वाहनों में 10 मवेशियों को ठूंसकर मध्य प्रदेश ले जा रहे थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर छत्तीसगढ़ से मवेशियों को भरकर कत्लखाने तक ले जाने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद खैरागढ़ थाना टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बालाघाट रोड पर नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की।
कुछ ही देर में चार संदिग्ध पिकअप गाड़ियां पकड़ में आ गईं। जांच में सामने आया कि भैंसों को क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बांधकर भरा गया था। चालक परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सभी नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मध्य प्रदेश के हेमराज (42), नरेंद्र (26), नोहर (45), संतोष (35) और कृष्णकुमार (26) शामिल हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के लकेश (23), छबि (27), सातेश (30) और सागर (21) को भी पकड़ा गया.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पकड़े गए वाहनों और मवेशियों को राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है।खैरागढ़ पुलिस ने कहा है कि गौवंश की अवैध ढुलाई और पशु क्रूरता में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.




