NH-30 का होगा चौड़ीकरण, सर्वे कार्य शुरू – एक माह में पूरी रिपोर्ट देने के निर्देश…..

सुकमा जिले के विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जगदलपुर से कोंटा तक 184.800 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस परियोजना में फोर लेन सड़क के साथ पेव्हड शोल्डर भी शामिल किया गया है, जिससे नक्सल प्रभावित इस क्षेत्र में यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके।
इस महत्त्वपूर्ण कार्य के लिए जिला कलेक्टर सुकमा के आदेश पर मंगलम इंफ्रा एंड इंजीनियरिंग लिमिटेड को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि एक महीने के भीतर संपूर्ण सर्वे कार्य पूरा किया जाए।
सर्वे के दौरान एनएच के दायरे में आने वाले वृक्ष (पेड़), विद्युत पोल, क्रेडा विभाग के पोल, पीएचई की पाइप लाइन और भू अर्जन की आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा। इस काम के लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क चौड़ीकरण का कार्य जगदलपुर से 14.200 किमी दूरी के बाद शुरू होगा, जो कोंटा नगर पंचायत, दोरनापाल नगर पंचायत और सुकमा नगर पंचायत क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि व्यापार, आवागमन और सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। यह परियोजना सुकमा जिले के लिए एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर बूस्ट साबित होगी।




