31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का होगा पूर्ण अंत : मुख्यमंत्री

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही निर्णायक जंग अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज एक बड़ा बयान जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारत सरकार का जो संकल्प नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन का है, वह बहुत जल्द साकार होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा : “हमारे सुरक्षा बल नक्सलवाद के विरुद्ध लगातार सफलता प्राप्त कर रहे हैं। माननीय प्रधानमंत्री जी और केंद्रीय गृह मंत्री जी का संकल्प अवश्य पूर्ण होगा और 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूर्ण अंत होगा।”
मुख्यमंत्री के इस बयान को राज्य में चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशनों की हालिया सफलता से जोड़कर देखा जा रहा है। बीते कुछ महीनों में सुरक्षा बलों ने नक्सल प्रभावित जिलों — बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कांकेर में कई बड़ी कार्रवाई की है। दर्जनों नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, कई हार्डकोर नक्सलियों का सफाया किया गया है और जंगलों में उनके ठिकाने ध्वस्त किए जा चुके हैं।
सरकार का दावा है कि अब नक्सलवाद केवल सीमित इलाकों में सिमट गया है और बहुत जल्द बस्तर के जंगलों में भी शांति और विकास की नई सुबह देखने को मिलेगी।मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि जवानों के अथक प्रयास, जनता के सहयोग और केंद्र-राज्य सरकार के समन्वित अभियान से छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद मुक्त होने की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है।
राज्य सरकार के मुताबिक, आने वाले महीनों में नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज की जाएगी, सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि नक्सलवाद की जड़ें हमेशा के लिए खत्म हो सकें।




