नारायणपुर-अबूझमाड़ को महाराष्ट्र से जोड़ेगा नेशनल हाईवे 130-डी, बस्तर में विकास की नई गति

बस्तर अंचल में सड़क संपर्क मजबूत होने जा रहा है। नारायणपुर के अबूझमाड़ इलाके को महाराष्ट्र से जोड़ने वाला नेशनल हाईवे 130-डी अब नई गति पकड़ रहा है। छत्तीसगढ़ शासन ने कुतुल से नीलांगुर तक 21.5 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी है।
कुल तीन खंडों में बने इस हिस्से के निर्माण के लिए लगभग 152 करोड़ रुपए का न्यूनतम टेंडर दर तय किया गया है। यह सड़क टू-लेन पेव्ड शोल्डर सहित बनाई जाएगी।
एनएच-130डी का यह हिस्सा कोण्डागांव से नारायणपुर होते हुए कुतुल और फिर महाराष्ट्र सीमा पर स्थित नीलांगुर तक जाएगा। आगे महाराष्ट्र में यह बिंगुंडा, लहरे, धोदराज, भमरगढ़, हेमा और आलापल्ली तक पहुँचता है, जहाँ यह एनएच-353डी से जुड़ जाएगा।
इस मार्ग के बन जाने से बस्तर क्षेत्र सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ेगा और व्यापार, पर्यटन और सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।एनएच-130डी की कुल लंबाई 195 किलोमीटर है, जिसमें से लगभग 122 किलोमीटर छत्तीसगढ़ में आता है। इसके बनने से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
प्रधानमंत्री के सहयोग से फॉरेस्ट क्लियरेंस और निर्माण अनुमति मिलने के बाद अब इस महत्वाकांक्षी परियोजना का रास्ता साफ है। यह केवल सड़क नहीं बल्कि बस्तर अंचल के सामाजिक और आर्थिक विकास का मार्ग है। नेशनल हाईवे 130-डी से बस्तर और महाराष्ट्र के बीच मजबूत संपर्क स्थापित होगा और विकास की गति तेज होगी।




