छत्तीसगढ़

मानसून का कहर, बिलासपुर समेत कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी, रेड अलर्ट जारी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। सबसे गंभीर चेतावनी बिलासपुर और मुंगेली जिले के लिए जारी की गई है, जहां अगले 24 घंटों के दौरान बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन ने आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Advertisement

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में बिलासपुर और मुंगेली जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों जिलों में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं ऑरेंज अलर्ट के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। जबकि येलो अलर्ट सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर जिलों के लिए जारी किया गया है, जहां भारी वर्षा होने की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान भी मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और कबीरधाम जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिलासपुर, सक्ती, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना भी जताई गई है।

Advertisement

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी से अत्यधिक भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी, शहरी क्षेत्रों में जलजमाव, सड़क यातायात बाधित होने, पेड़ और कमजोर संरचनाओं को नुकसान तथा बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न लें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा। ऐसे में प्रशासन को भी अलर्ट पर रहने और आम नागरिकों से पूरी सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button