छत्तीसगढ़ में मानसून का आगमन, मौसम विभाग ने जारी किया बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 22 जून को मानसून ने दंतेवाड़ा जिले से प्रदेश में प्रवेश किया। इसके साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में महाराष्ट्र, निजामाबाद, दंतेवाड़ा, ओड़िशा सुंदरगढ़, गया और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने दक्षिण बस्तर, महासमुंद, राजधानी रायपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा और सूरजपुर जिलों में मौसम मे भारी बदलाव, आकाशीय बिजली गिरने और इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, राजनांदगांव, कबीरधाम, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, बलरामपुर समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादलो की तेज आवाजे आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने और बारिश की संभावना व्यक्त की है।मानसून के प्रवेश से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं किसानों के लिए भी यह राहत भरी खबर है, क्योंकि बारिश की शुरुआत के साथ ही खरीफ सीजन की गतिविधियां तेज होंगी। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधान रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। दंतेवाड़ा से छत्तीसगढ़ में मानसून की आधिकारिक एंट्री हो चुकी है। अब अगले कुछ दिनों में इसके पूरे प्रदेश में फैलने की संभावना है। मानसून की पहली दस्तक के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है और कई जिलों में बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।



