ऑपरेशन बाज के तहत जंगल में जुआ पर बड़ी रेड, 9 जुआरी गिरफ्तार, 7.33 लाख की संपत्ति जब्त

मुंगेली पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए खुड़िया जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर छापा मारा। संयुक्त पुलिस टीम ने मौके से 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से नगदी समेत 7 लाख 33 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम झिरिया महुआमाचा जंगल में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर साइबर सेल और चौकी खुड़िया की संयुक्त टीम ने दबिश दी और कबीरधाम, बिलासपुर तथा मुंगेली जिले के 9 जुआरियों को मौके पर जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान 53 हजार 500 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 8 मोबाइल फोन और 9 मोटरसाइकिल जब्त की गईं।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल और चौकी खुड़िया पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



