नवविवाहिता पर चाकू से हमला करने वाला आशिक गिरफ्तार….

जशपुर जिले की कोतबा चौकी क्षेत्र में एक नवविवाहित महिला पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला 1 मई का है, जब प्रार्थी ने चौकी कोतबा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शादी 30 अप्रैल को हुई थी। शादी के बाद जब वह बारात के साथ वापस लौटा, तो रात करीब 1 बजे उसकी पत्नी, बहन और साली एक कमरे में सो रही थीं, तभी आरोपी चुपचाप कमरे में घुसा और नवविवाहिता के दोनों हाथों पर चाकू से वार कर फरार हो गया।
दुल्हन ने हमलावर को पहचान लिया, जो कि रायगढ़ निवासी नूतन सिदार (उम्र 27 वर्ष) निकला। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे पहले से जानता था और एकतरफा प्यार करता था। शादी की खबर से आहत होकर उसने यह हमला किया।
पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 296, 115, 351(2), 331(6) व 118(1) के तहत मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस की मुखबिरी और टेक्निकल टीम की मदद से आरोपी को रायगढ़ से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसके पास से हमला करने में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राकेश सिंह समेत पुलिस टीम के अजय खेस, दीपक एक्का, उपेंद्र सिंह और प्रवीण खलखो की सराहनीय भूमिका रही।




