अमेरी फाटक पर अंडरब्रिज निर्माण से यातायात में सुधार, स्थानीय निवासियों को मिलेगा राहत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : अमेरी फाटक, जो बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर स्थित है, लोगों के लिए एक अहम सुविधा है। लेकिन फाटक हर घंटे 3 से 4 बार बंद होने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है।
फाटक बंद रहने की स्थिति मे इसके दोनों तरफ जाम लगता है. जल्दबाजी मे राहगीरों को अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करते देखा जा सकता है। रेलवे ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अंडरब्रिज निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी और अब निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अधिकारी बताते हैं कि अंडरब्रिज का काम 2025 के अक्टूबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद यहां से लोगों की आवाजाही सुगम और सुरक्षित हो जाएगी। रेलवे का यह कदम स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। हालांकि, निर्माण कार्य पूरा होने तक लोगों को अस्थायी परेशानियां हो सकती हैं। रेलवे और प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।

अमेरी फाटक पर तीसरी लाइन का काम पहले ही पूरा कर लिया गया है, जिससे रेलवे यातायात को बेहतर बनाया जा सके। अब अंडरब्रिज निर्माण का काम शुरू हो चुका है।
यह फाटक, जो घंटों तक बंद रहता है, अंडरब्रिज बनने के बाद स्थानीय लोगों के लिए सुगम और सुविधाजनक हो जाएगा। अंडरब्रिज
की सुविधा से अमेरी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों निवासियों को राहत मिलेगी।





