बिलासपुर

एलएलबी छात्र पर ब्लेड से जानलेवा हमला, गर्दन पर गंभीर चोट, सिम्स में भर्ती

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एलएलबी के एक छात्र पर ब्लेड से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र की गर्दन पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक सरकंडा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रहा छात्र साहिल बर्मन सोमवार को कोसलेन्द्र राव लॉ कॉलेज में सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देने पहुंचा था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह कॉलेज परिसर के बाहर अपने साथियों के साथ चर्चा कर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात जवाली पुल के पीछे रहने वाले समीर नामक युवक से हुई।

Advertisement

 

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। कुछ देर बाद साहिल ने अपने साथी छात्र को फोन कर बताया कि समीर ने उसे जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर साथी छात्र सिम्स अस्पताल पहुंचा, जहां साहिल खून से लथपथ हालत में भर्ती मिला।घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर सक्रिय हुई और पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही विवाद के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।

 

Related Articles

Back to top button