क्या, कांग्रेस की राजनीति में, फ्रंट पर आ रही हैं, प्रियंका गांधी…?

(शशि कोन्हेर) : नई दिल्ली – आम तौर पर प्रियंका गांधी को राजनीति के मोर्चे पर फ्रंट पर खेलते हुए उत्तर प्रदेश तक ही सीमित देखा गया है। लेकिन अब वह राष्ट्रीय राजनीति में खुलकर मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा मोदी सरकार को घेरने के लिए बनाई गई कमेटी में प्रियंका गांधी को भी शामिल किया गया है। 11 सदस्यीय कमेटी की कमान दिग्विजय सिंह को दी गई है। जबकि दूसरे नंबर पर प्रियंका गांधी का नाम है। इस कमेटी का मुख्य तौर पर देश भर में किसान के मुद्दों, महंगाई, मोदी सरकार की विदेश नीति, कोविड-19 के प्रबंधन, महिला सुरक्षा, सरकारी संपत्तियों के मोनेटाइजेशन जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरना और उसके लिए रणनीति बनाना काम होगा। साफ है कि प्रियंका गांधी भी अब राहुल गांधी की तरह खुलकर मैदान में उतरेंगी। नई समिति के के गठन से साफ है कि कांग्रेस 2022 के विधान सभा चुनावों और 2024 के चुनावों के लिए गांधी परिवार का पूरी तरह से इस्तेमाल करना चाहती है।
उत्तर प्रदेश पर ज्यादा फोकस करती रही हैं प्रियंका गांधी वाड्रा
वैसे तो प्रियंका गांधी बैकडोर राजनीति काफी पहले से करती रही है। लेकिन पहली बार जनवरी 2019 में उन्होंने, आधिकारिक तौर पर कांग्रेस पार्टी में किसी पद पर जिम्मेदारी संभाली थी। वह लोक सभा चुनावों के पहले महासचिव बनाई गईं थी। और उन्हें उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस समय से वह लगातार उत्तर प्रदेश मे संगठन को मजबूत करने और योगी सरकार को घेरने का काम करती आ रही है। चाहे हाथरस में दलित लड़की से बलात्कार का मामला हो, कोविड-19 लहर में प्रदेश सरकार के प्रबंधन की बात हो या फिर अभी फिरोजाबाद में बुखार से बच्चों की हो रही मौत का मामला हो। वह योगी सरकार पर सीधा निशाना साधती हैं।