बक्सर राजपूत समाज का आंतरिक विवाद पहुंचा पुलिस तक, पूर्व व वर्तमान अध्यक्ष आमने-सामने

(भूपेंद्र सिंह राठौर/जय साहू) : बिलासपुर में बक्सर राजपूत क्षत्रिय समाज का आंतरिक विवाद अब कानूनी लड़ाई में तब्दील हो गया है। समाज के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष और सेवानिवृत्त डीआईजी पी.एस. ठाकुर ने मौजूदा अध्यक्ष दारा सिंह राजपूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है। मामला समाज के नियमावली से जुड़ा है, जिसे लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं।

पूर्व डीआईजी पी.एस. ठाकुर ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराया आरोप लगाया है कि दारा सिंह ने वर्ष 2012 में तैयार की गई मूल समिति की नियमावली में कूट रचना कर फर्जी हस्ताक्षर के आधार पर बैंक खाता खोला। उन्होंने यह भी बताया कि आरटीआई के जरिए जानकारी मिलने के बाद इस पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ। एफआईआर में धारा 420 और 467 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पी.एस. ठाकुर का आरोप है कि यह कार्य समाज और उसके वित्तीय लेनदेन को हानि पहुंचाने के इरादे से किया गया।
वहीं दूसरी ओर, मौजूदा अध्यक्ष दारा सिंह राजपूत ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश बताया। उन्होंने कहा कि यह समाज की छवि को नुकसान पहुंचाने और समाज में चल रहे सेवा कार्यों को बाधित करने की एक रणनीति है। इसी मुद्दे को लेकर समाज के कई प्रतिनिधि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसएसपी रजनीश सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मे मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच हो, ताकि व्यक्तिगत द्वेष या राजनीतिक हस्तक्षेप से बचा जा सके।
एसएसपी रजनीश सिंह ने समाज के प्रतिनिधियों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है और कहा है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।अब देखना होगा कि पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और समाज का यह आंतरिक विवाद क्या सच में कानूनी रूप लेता है या सुलह की दिशा में कोई पहल होती है।




