इंडियन ओवरसीज बैंक घोटाला: EOW ने 1.65 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में चार बैंक अफसरों के खिलाफ कोर्ट में पेश किया चालान

रायपुर – इंडियन ओवरसीज बैंक राजिम शाखा में हुए करोड़ों रुपए के गबन मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है. ईओडब्ल्यू ने अपराध क्रमांक 01/2023 के तहत 1 करोड़ 65 लाख 44 हजार रुपए के गबन मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) एवं भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 467, 468, 471, 120बी, 201 के तहत चार बैंक अधिकारियों के विरुद्ध माननीय विशेष न्यायालय (भ्र.नि.अ.), रायपुर में लगभग 2000 पृष्ठों का चालान पेश किया है।

आरोप है कि दिसंबर 2022 से फरवरी 2023 के बीच बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक सुनील कुमार, सहायक प्रबंधक अंकिता पाणिग्रही, तथा लिपिक योगेश पटेल और खेमन लाल कंवर ने आपसी मिलीभगत से फर्जी ज्वेल लोन तैयार किए।
इन्होने 17 खाताधारकों के नाम पर बिना उनकी जानकारी और सहमति के, बिना फॉर्म या वाउचर भरे, कम्प्यूटर सिस्टम में फर्जीवाड़ा कर, कुल ₹1.65 करोड़ से अधिक की राशि का गबन किया और बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
EOW की लंबी जांच के बाद आज दिनांक 27 जून 2025 को इस संगीन बैंकिंग घोटाले में चारों आरोपियों के विरुद्ध विस्तृत अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।




