भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच: रायपुर पुलिस ने जारी की यातायात व पार्किंग व्यवस्था, दर्शकों के लिए रूट और प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची जारी

रायपुर – कल यानी 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम नया रायपुर में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एकदिवसीय क्रिकेट मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इस खास अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाले क्रिकेट प्रेमियों के लिए यातायात पुलिस ने सुगम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने हेतु विशेष मार्ग और पार्किंग व्यवस्था की घोषणा की है।
रायपुर शहर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे क्र-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, और चीचा स्टेडियम तिराहा होते हुए सांई अस्पताल रोड पर स्थित पार्किंग क्षेत्रों में वाहन पार्क कर पैदल स्टेडियम पहुंच सकेंगे। बिलासपुर, बलौदाबाजार-खरोरा, जगदलपुर-धमतरी, दुर्ग-भिलाई, महासमुंद-सरायपाली सहित अन्य प्रमुख मार्गों से आने वाले दर्शकों के लिए भी विशेष मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पासधारी वाहनों के लिए भी अलग से पासधारी पार्किंग के दिशा-निर्देश जारी किये गए हैं। इसके अलावा, मध्यम और भारी वाहन 3 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर प्रतिबंधित रहेंगे, ताकि यातायात व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
स्टेडियम के अंदर प्रवेश पर भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। शराब, तंबाकू उत्पाद, आग्नेयास्त्र, तेजधार हथियार, खाद्य पदार्थ (बच्चों के लिए अपवाद सहित), बड़े बैग, लैपटॉप, कैमरा, लाउडस्पीकर, चाकू आदि वस्तुओं को ले जाना पूरी तरह से मना है।
आयोजकों ने दर्शकों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित मार्गों तथा पार्किंग का पालन करें और यात्रा के दौरान धैर्य और संयम बनाए रखें ताकि सभी के लिए यह आयोजन सफल और सुरक्षित हो सके।
यातायात पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारी पूरे दिन अपनी सेवाएं सक्रिय रखेंगे ताकि दर्शकों और खिलाड़ियों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।




