छत्तीसगढ़
हिट एंड रन: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

गरियाबंद जिले के राजिम इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा राजिम के पेट्रोल पंप के सामने हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार वाहन ने युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसका शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही राजिम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है।




