डॉ. अभिषेक पांडे रूस–भारत समिट फोरम के लिए छत्तीसगढ़ से एकमात्र आमंत्रित प्रतिनिधि

छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। डॉ. अभिषेक पांडे को रूस–भारत समिट 2025 के दौरान आयोजित होने वाले रूस–इंडिया फोरम में आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया है। खास बात यह है कि पूरे छत्तीसगढ़ से केवल डॉ. पांडे को ही इस उच्च-स्तरीय फोरम के लिए चुना गया है। यह महत्वपूर्ण आयोजन 4–5 दिसंबर को नई दिल्ली में होगा, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।
फोरम का आयोजन रूस की प्रमुख संस्था रोस्कॉन्ग्रेस फाउंडेशन कर रही है, जिसमें भारत और रूस के शीर्ष सरकारी अधिकारी, उद्योगपति, निवेशक और नीति-निर्माता बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। चर्चा का मुख्य फोकस द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, लॉजिस्टिक्स, सप्लाई-चेन, भुगतान तंत्र, ऊर्जा, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को नई दिशा देना होगा।
यह आमंत्रण अंतरराष्ट्रीय मंच पर बड़ा मानक माना जा रहा है। डॉ. पांडे इससे पहले रूस के कालनिनग्राद में आयोजित त्रि-राष्ट्र व्यापार संवाद और मॉस्को में हुए ब्रिक्स आर्थिक फोरम में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
कंपनी का कहना है कि इस फोरम में डॉ. पांडे की उपस्थिति से भारत–रूस औद्योगिक सहयोग, तकनीकी साझेदारियों और व्यापार विस्तार के नए अवसर खुलेंगे। कार्यक्रम का सबसे अहम हिस्सा ‘प्लेनरी सेशन’ होगा, जहां राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी पर मार्गदर्शन देंगे।
डॉ. पांडे का चयन न सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि छत्तीसगढ़ और भारत की औद्योगिक नवाचार क्षमता का भी मजबूत प्रतिनिधित्व करेगा। उनकी भागीदारी से दोनों देशों के उद्योग जगत के बीच सहयोग और निवेश के नए आयाम स्थापित होने की उम्मीद है।




