शादी का झांसा देकर तलाकशुदा महिला से दुष्कर्म,आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र में एक तलाकशुदा महिला से शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दैहिक शोषण करने वाले आरोपी अनूप एक्का (उम्र 27 वर्ष) को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता का विवाह वर्ष 2000 में हुआ था और पारिवारिक कारणों से 2012 में तलाक हो गया। वह अपने पाँच बच्चों के साथ अलग निवास कर रही थी। वर्ष 2021 में आरोपी अनूप एक्का ने महिला से शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और धीरे-धीरे शारीरिक शोषण करता रहा। आरोपी ने महिला की मांग में सिंदूर भरकर उसे झूठे विश्वास में रखा।
हाल ही में महिला को पता चला कि आरोपी ने गुपचुप तरीके से किसी अन्य महिला से विवाह कर लिया है। जब महिला ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने शादी की बात स्वीकार कर, उसके साथ कोई संबंध रखने से इनकार कर दिया।
इस मामले में फरसाबहार थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 450, 376 और 376(2)(n) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, एएसआई शांति प्रमोद टोप्पो, आरक्षक नीरज तिर्की, ईश्वर साय और महिला आरक्षक बीरजीनिया टोप्पो की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि “जशपुर पुलिस महिलाओं से जुड़े अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”




