लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा….रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – हमने मां व बहनों का बदला लिया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस की शुरुआत करते हुए कहा कि मैं उन बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने देश के लिए अपना बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में कायराना आतंकी हमला हुआ। हमने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए मां-बहनों का बदला लिया। ऑपरेशन सिंदूर से पहले हर पहलू पर ध्यान दिया गया। ऑपरेशन सिंदूर में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए।
लोकसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि यह कहना गलत है कि किसी दबाव में ऑपरेशन सिंदूर को रोका गया था। रक्षा मंत्री ने कहा, “हमारे सशस्त्र बलों द्वारा किए गए समन्वित हमलों ने 9 आतंकवादी बुनियादी ढांचे के लक्ष्यों को सटीकता से मारा। इस सैन्य अभियान में, यह अनुमान है कि 100 से अधिक आतंकवादी, उनके प्रशिक्षक, हैंडलर और सहयोगी मारे गए। इनमें से अधिकांश जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकवादी संगठनों से जुड़े थे। पूरा ऑपरेशन 22 मिनट के अंदर पूरा कर लिया गया।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “हमारी कार्रवाई पूरी तरह से आत्मरक्षा में थी, न तो उकसावे वाली थी और न ही विस्तारवादी। फिर भी 10 मई को लगभग 1:30 बजे पाकिस्तान ने मिसाइलों, ड्रोन, रॉकेट और अन्य लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग करके भारत पर बड़े पैमाने पर हमला किया।” उन्होंने कहा, “S-400, आकाश मिसाइल प्रणाली, वायु रक्षा बंदूकें बहुत उपयोगी साबित हुईं और पाकिस्तान के इस हमले को पूरी तरह से विफल कर दिया।”




