डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने माओवाद पर किया तीखा हमला, कहा- बीजिंग से बस्तर तक फैल रही है माओवाद की विद्रूप विचारधारा

छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने माओवाद पर तीखा हमला बोला है। रायपुर में “माओवाद का विद्रूप चेहरा – बीजिंग से बस्तर तक” कार्यक्रम के दौरान उन्होंने चीन से लेकर बस्तर तक माओवाद के खतरनाक चेहरे को उजागर किया।
विजय शर्मा ने कहा कि माओवाद की शुरुआत बीजिंग से हुई, जहां 3 जून को 10 हजार लोगों को टैंकों से कुचला गया था। यही विचारधारा आज बस्तर में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि किस तरह माओवादी आदिवासियों की हत्या कर रहे हैं — गला रेत कर, IED लगाकर निर्दोषों को मौत के घाट उतारा जा रहा है।
“माओवाद एक विद्रूप विचारधारा है। बस्तर में इसने आदिवासियों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। गांव के गांव जलाए गए, नेता मारे गए, लेकिन कुछ लोग तब खामोश रहे।”
कार्यक्रम में द केरला स्टोरी के निर्देशक सुदीप्तो सेन भी शामिल हुए। माओवाद की क्रूरता और विचारधारा के खतरों पर विस्तृत चर्चा की गई।
तेलंगाना में कांग्रेस नेताओं द्वारा नक्सलियों से शांति वार्ता की वकालत पर विजय शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग बस्तर के दुख में कभी शामिल नहीं हुए, वे अब नक्सलियों के समर्थन में बोल रहे हैं।
“अगर नक्सली खुद वार्ता चाहते हैं, तो वह संभव है। लेकिन किसी भी दल का कोई व्यक्ति समर्थन करता है, तो उस पर संशय रहेगा।”




