केंद्रीय बजट पर सीएम विष्णुदेव साय की प्रतिक्रिया : मध्यम वर्ग और किसानों के उत्थान का ऐतिहासिक बजट

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2025-26 की सराहना करते हुए इसे देश के मध्यम वर्ग, किसानों और श्रमिकों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर अपना वचन निभाया है। सीएम साय ने कहा कि मोदी सरकार ने मध्यम वर्ग का सम्मान करते हुए आयकर छूट की सीमा 12 लाख रुपये तक बढ़ा दी है, जिससे करोड़ों परिवारों को राहत मिलेगी।
वहीं, किसानों के लिए क्रेडिट कार्ड की सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है, जो उनकी आर्थिक सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि 200 डे केयर कैंसर सेंटर की स्थापना और 36 जीवन रक्षक दवाओं पर टैक्स छूट से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
सीएम साय ने इस बजट को किसानों, युवाओं और महिलाओं को समर्पित बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।




