छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन तक बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। अगले 5 दिनों तक प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में वर्षा का दौर जारी रहेगा, वहीं कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई है। बिलासपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस तो राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि मानसून की द्रोणिका रेखा श्रीगंगानगर से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं तटीय पश्चिम बंगाल पर बना कम दबाव का क्षेत्र, चक्रवाती परिसंचरण के साथ सक्रिय है, जो धीरे-धीरे उत्तर ओडिशा और झारखंड की ओर बढ़ रहा है।
एक जुलाई को, प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है, लेकिन कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। विशेष सावधानी की जरूरत ग्रामीण क्षेत्रों में है, जहां खेतों और कच्चे रास्तों पर फिसलन और जलभराव की स्थिति बन सकती है।”
तो फिलहाल मौसम बना रहेगा सक्रिय… और ऐसे में आपसे अपील है कि बिजली चमकने के दौरान खुले में न निकलें, मोबाइल का इस्तेमाल सावधानी से करें और प्रशासन की चेतावनियों को नजरअंदाज न करें।




