शिक्षकों के फर्जी ट्रांसफर आदेश का मामला, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग के नाम पर फर्जी ट्रांसफर आदेश जारी करने का मामला सामने आया है। विभाग के अवर सचिव आर. पी. वर्मा ने रायपुर के राखी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1 मार्च 2025 को छह शिक्षकों/व्याख्याताओं का फर्जी स्थानांतरण आदेश जारी किया गया था। जब इस आदेश की सूचना स्कूल शिक्षा विभाग तक पहुँची, तो अधिकारी हैरान रह गए। विभागीय स्तर पर जब इसकी जांच की गई, तो आदेश फर्जी निकला। मामला गंभीर होने के कारण इसे तुरंत पुलिस को सौंप दिया गया।

स्कूल शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास है। ऐसे में अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस इस फर्जी आदेश के पीछे शामिल लोगों की तलाश कर रही है।

राखी थाना प्रभारी के अनुसार, अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।




