बस और ट्रक की भीषण टक्कर, 6 यात्रियों की मौत, 20 घायल

एक दर्दनाक सड़क हादसे में लग्जरी बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
यह हादसा गुजरात के वडोदरा-जरोद रोड पर जरोद के कोटंबी गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही एक लग्जरी बस हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। हादसे के बाद कई यात्री बस में फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, NDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घायलों को उपचार के लिए एसएसजी अस्पताल भेजा गया है। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जबकि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।




