अबूझमाड़ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, 27 नक्सली ढेर

नारायणपुर – नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा के सीमावर्ती अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त DRG ऑपरेशन में आज तक 27 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। साथ ही भारी मात्रा में हथियार भी जब्त किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, माओवादी केंद्रीय समिति और पोलित ब्यूरो सदस्य समेत माड़ डिवीजन के बड़े PLGA कैडर की मौजूदगी की सूचना के आधार पर नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव की DRG टीमों ने इस अभियान को अंजाम दिया।
पिछले कई दिनों से यह ऑपरेशन अबूझमाड़ की दुर्गम पहाड़ियों में चल रहा था। प्रारंभिक आकलन से संकेत मिल रहे हैं कि इस अभियान में कई वरिष्ठ माओवादी नेता या तो मारे गए हैं या गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हालांकि, इस सफलता की कीमत भी चुकानी पड़ी — मुठभेड़ में एक DRG जवान शहीद हो गए, जबकि कुछ अन्य घायल हुए हैं। घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता दी गई है और सभी खतरे से बाहर हैं।
अभी भी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और अंतिम जानकारी अभियान के पूर्ण होने के बाद जारी की जाएगी।
सुरक्षाबलों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।




