एक ही परिवार के 4 लोगों पर हमला, दो मासूम बच्चियों की मौत, पति-पत्नी गंभीर….

हाथरस जिले में दिल दहलाने वाली एक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। देर रात रिश्तेदार ने एक ही परिवार के चार लोगों का धारदार हथियार से गला रेत दिया। इस जघन्य हत्याकांड में दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल हालत में पति-पत्नी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को गंभीर घायल हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों मासूम बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता देखते हुए जिले के एसपी, एएसपी,सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद से पुलिस घटना की छानबीन करने में जुट गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के आगरा रोड स्थित आशीर्वाद धाम कॉलोनी में एक प्रोफेसर छोटे लाल पुत्र कल्लू अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। मूलरूप से प्रोफेसर फतेहपुर जिले के रहने वाले हैं। वह फिलहाल कोतवाली चन्दपा क्षेत्र के गांव मितई स्थित जवाहर इंटर कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि बुधवार आधी रात को सोते समय रिश्ते के भतीजे ने अपने चाचा-चाची को घायल कर और उनकी दो मासूम बेटियों की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।




