छत्तीसगढ़

एएसआई 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ढाबे में एसीबी ने रंगे हाथ पकड़ा

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।एसीबी के मुताबिक, ग्राम बालपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मारपीट के मामले में उसके और परिवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई से बचाने के बदले एएसआई द्वारा 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

Advertisement

शिकायतकर्ता ने साफ कहा था कि वह रिश्वत नहीं देना चाहता, बल्कि आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाई गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी एएसआई पहली किश्त के रूप में पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था और दूसरी किश्त बाकी थी।
इसके बाद एसीबी बिलासपुर ने ट्रैप की योजना बनाई। शनिवार 10 मई 2026 को शिकायतकर्ता ने आरोपी को चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा बुलाया। जैसे ही एएसआई ने दूसरी किश्त के तौर पर 20 हजार रुपये लिए, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

Advertisement

एसीबी सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी रिश्वतखोरी की शिकायतें मिलती रही थीं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की जा रही है।एसीबी ने कहा है कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई लोकसेवक रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें।

Related Articles

Back to top button