अमिताभ जैन बने राज्य मुख्य सूचना आयुक्त….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने अमिताभ जैन को छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग का नया राज्य मुख्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया है। इस संबंध में आदेश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा नवा रायपुर अटल नगर से 9 जनवरी 2026 को जारी किया गया है।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, अमिताभ जैन कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से राज्य मुख्य सूचना आयुक्त का पद संभालेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के पद पर भी दो नियुक्तियां की गई हैं। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी उमेश अग्रवाल और वरिष्ठ पत्रकार शिरीष मिश्रा को सूचना आयुक्त बनाया गया है।
इन सभी नियुक्तियों को सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत किया गया है। उनकी पदावधि, वेतन और सेवा शर्तें केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार होंगी।
गौरतलब है कि राज्य मुख्य सूचना आयुक्त का पद आरटीआई मामलों की सुनवाई, सरकारी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इन नियुक्तियों के साथ ही छत्तीसगढ़ में सूचना आयोग की कार्यप्रणाली को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




