एसीबी की बड़ी कार्रवाई, पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर ₹21,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार….

(रामप्रसाद गुप्ता) : मनेंद्रगढ़ – भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मनेंद्रगढ़ में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सब इंजीनियर छत्रपाल बंजारे को ₹21,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सब इंजीनियर ने विभागीय कार्य के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी अंबिकापुर की टीम ने प्रारंभिक जांच की, जो सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
योजना के तहत एसीबी की टीम ने मनेंद्रगढ़ पहुंचकर रेस्ट हाउस के कमरा नंबर 2 में निगरानी रखी। शिकायतकर्ता को पहले से चिन्हित नोटों के साथ भेजा गया। जैसे ही सब इंजीनियर ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
मौके से ₹21,000 की राशि जब्त की गई और फॉरेंसिक जांच के तहत हाथ धुलाई परीक्षण में रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी बिलों के भुगतान और तकनीकी स्वीकृति के नाम पर ठेकेदारों से अवैध वसूली करता था। एसीबी अब इस मामले में अन्य संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई से पूरे पीडब्ल्यूडी विभाग में हड़कंप मच गया है। वहीं आमजन और ठेकेदारों ने एसीबी की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी सख्त कार्यवाही से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।




