छत्तीसगढ़
संदिग्ध हालात में मिली युवक की खून से सनी लाश, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

गरियाबंद जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्रीपारा मोहल्ले में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय जयलाल निषाद के रूप में की गई है।
मृतक के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्ट्या पुलिस इस मामले को हत्या मान रही है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी निशा सिन्हा और थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक का किसी से नशे की हालत में विवाद हुआ होगा, जो मारपीट में बदल गया और युवक की जान चली गई। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है। हत्या के पीछे की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।




