छत्तीसगढ़

ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, BSF जवान गंभीर, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तेज रफ्तार आयरन से लदे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ में पदस्थ जवान है, जो छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था।

Advertisement

यह हादसा बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम दानीटोला बस स्टैंड के सामने बुधवार रात करीब 8 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार कुसुमकसा निवासी नितीश कुमार (24) और बीएसएफ जवान कामेश्वर तुमरेकी (37) दुर्ग से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भानुप्रतापपुर की ओर से रायपुर जा रहे आयरन ओर से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

Advertisement

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नितीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल जवान कामेश्वर तुमरेकी को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग की, साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।

समाजसेवी अनिल सुथार ने बताया कि मृतक नितीश कुमार अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह खेती-किसानी का काम संभाल रहा था। इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button