सीएमएचओ दफ्तर के पास झोलाछाप क्लिनिक! स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर सवाल

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आरोप है कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यानी सीएमएचओ कार्यालय के ठीक पीछे एक साइकिल दुकान में कथित झोलाछाप चिकित्सक खुलेआम मरीजों का इलाज कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिस कार्यालय से पूरे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था संचालित होती है, उसके आसपास ही अवैध चिकित्सा का संचालन होने के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में विभाग की निगरानी और कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कथित क्लिनिक में बिना स्पष्ट चिकित्सकीय योग्यता के मरीजों का उपचार किया जा रहा है। इलाज की गुणवत्ता, दी जा रही दवाइयों और मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि ये आरोप सही हैं, तो यह सीधे तौर पर मरीजों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
वहीं नर्सिंग होम एक्ट के प्रभावी पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विभागीय फेरबदल और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का फायदा उठाकर अवैध क्लिनिक संचालित हो रहे हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कार्रवाई की प्रक्रिया प्रभावी नहीं है। इन आरोपों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि सीएमएचओ कार्यालय के आसपास ही कथित अवैध चिकित्सा गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो जिले के दूरस्थ क्षेत्रों की निगरानी कैसे हो रही होगी। जरूरत इस बात की है कि स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए, यदि अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई करे और जनता का भरोसा स्वास्थ्य व्यवस्था पर कायम रखे।
स्थानीय लोगों के अनुसार लिंगियाडीह, बंधवापारा, कपिल नगर, बहतराई, चांटीडीह, टिकरापारा, मोपका, गोंड़पारा सहित शहर के कई क्षेत्रों में ऐसे कथित अवैध क्लिनिक संचालित किये जा रहे हैं। यदि इन आरोपों मे सच्चाई हैं, तो यह आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। अब देखना यह होगा कि क्या स्वास्थ्य विभाग के नर्सिंग होम एक्ट के टीम की तरफ एक और टीम बनेगी या चर्चित सर्पदंश के मामले की तरह इन झोला छाप डॉक्टरों से विभाग हॉकरो की तरह महीना लेने में झोला छाप डॉक्टरों की तरह मौज में रहेगी



