लोकस्वर मीडिया नेटवर्क
बिलासपुर। भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के स्थानीय क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो बिलासपुर द्बारा बिल्हा विकासखण्ड के हाई स्कूल लोफन्दी, हाई स्कूल बुन्देला, ग्राम पंचायत बुन्देला, हायर सेकेण्डरी स्कूल सेंवार और ग्राम पंचायत कराड़ में वर्षा जल संग्रहण, वृक्षारोपण एवं जल जनित रोगों पर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी केव्ही. गिरी ने कहा कि भारत सरकार द्बारा जल शक्ति नाम से नए मंत्रालय का निर्माण जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्रालय और पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय का विलय करके किया गया है। इसके अन्तर्गत देश के 250 जिलों के अधिक प्रभावित 1592 विकासखण्डों पर जोर दिया गया है। यह अभियान दो चरणो में चलेगा। 1 जुलाई से 15 सितम्बर तक पहला और 1 अक्टूबर से 30 नवम्बर तक दूसरा चरण चलाया जायेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के लाभ एवं जल संसाधनों की कमी के बारे जागरूकता पैदा करना और भारत के हर घर में नल का पानी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गिरते भूजल स्तर को उपर लाने के लिए हमें वर्षा जल को अधिक से अधिक संग्रहित करने की आवश्यकता है।