तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर: स्कूटी सवार पिता की मौत, पत्नी और मासूम गंभीर….

(शैलेश सोनी) : पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा नगर में राय पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चला रहे व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने ट्रेलर का पीछा कर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और घायल पेंड्रा विकासखंड के कुडकई गांव के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि ट्रेलर ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी उसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग तेज हो गई है। वर्ष 2018 में स्वीकृत 13 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण अब तक शुरू नहीं होने से भारी वाहन नगर के बीचों-बीच गुजर रहे हैं, जिससे लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। जिला प्रेस क्लब के आंदोलन से लेकर विधानसभा तक यह मुद्दा उठ चुका है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।




