भिलाई

एकतरफा प्यार बना मौत की वजह, युवती की हत्या का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

दुर्ग जिले के भिलाई में एकतरफा प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वैशाली नगर थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक 10 जुलाई को खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Advertisement

तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा बातचीत से इंकार किए जाने पर उसने पहले से योजना बनाकर रायपुर से भिलाई पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।

 

पुलिस के अनुसार आरोपी पहचान छिपाने के लिए दो शर्ट और पैंट के अंदर बरमूडा पहनकर आया था। कमरे में विवाद के दौरान उसने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने अपने कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की।

 

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में वैशाली नगर थाना पुलिस और ACCU टीम की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button